October 2011
M T W T F S S
« Apr    
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

Tags

jung jaari hai-a poem on naxalites

http://datastore.rediff.com/h5000-w5000/thumb/5760625C62566A5F5760696E735E6B68/l9q8o1js2rh04y7w.D.0.naxalites_india.jpg

वो तने खड़े हैं 
एक मुठ्ठी धूप की चाहत में 
अंधेरे को ओढ़े हुए 

खाली पेट से 

उपजी हुंकार जंगलों से 
शहर को हैं ललकारती 
पर जिन लाशों पर 
उनके दांत गड़े हैं 
वो तो दीवारें भर थी 
कुछ घरों की 


बैलट बक्सों को
झौंक आये हैं 
अपने ही झोपड़ों की चिता पर 
उठा तो ली हैं बंदूकें 
पर रुख किस ओर है 
नहीं जानते अब तक 

अखबारों के पन्ने बोलते हैं  
कभी उधर 
तो कभी इधर 
लाशें बिछती हैं अपनों की ही 
बस जंग जारी है  


Dantevada ka dukh: ek kavita

http://datastore.rediff.com/h5000-w5000/thumb/5760625C62566A5F5760696E735E6B68/rrdbn20jvtftarx1.D.0.17w9c6k4i13oz7i8_D_0_CRPF1_102714e.jpg

दंतेवाडा के जवानों 

तुमने संसद की दीवारों 
में अपनी लाशें क्यों लटका दी 
संसद तो अंधी है 
तुम्हारी चीख पुकार भी 
तो दंतेवाडा के जंगलों 
में ही दब गई थी 

ये संसद का जो शोर है 
यहाँ और हैं बहुत से 
मुद्दे जो गला फाड़ फाड़ 
चिल्ला रहे हैं 
पर ओ शहीद जवानों 
तुम्हारी लाशों से
बहुत भारी हैं 
रुपयों से लदे हुए ये मुद्दे

और तुमसे क्या कहूँ 
ये चीखती चिल्लाती संसद 
दरअसल बहरी है 
नहीं तो क्यों नहीं सुना 
किसी ने 
चूडियाँ का टूटना 
बूढ़े की लाठी का चटकना
माँ की गोद में 
सन्नाटे का पसरना 
नन्हीं आँखों में 
अचानक गूंगेपन का 
उतरना 

ये संसद बहरी है 
नहीं सुन सकती है 
पर जो सचमुच 
सुनते हैं वो जानते हैं कि 
बहुत भीषण आवाज के 
साथ गिरती है  
कोई खबर बिजली 
की तरह 
एक समूचे घर पर 


kohra

http://img707.imageshack.us/img707/430/document1page001.jpg


वो फिर लौटा (reposted)

 

बिजली की कड़कड़ाहट और बारिश में काँपते हुए उसके कदम मंदिर की सीडियों पर लड़खडाकर पसर गये. आसमान एक दम स्याह हो गया था. तेज हवा भयंकर गर्जना के साथ पेड़ों को जैसे जड़ से उखाड़ देना चाहती थी. वह किसी तरह् से रेंगता हुआ मंदिर के अंदर घुस गया. अपने खून से सने हुए हाथों को दीवार पर किसी तरह् टिका कर उसने खड़ा होने का प्रयास किया पर सफल न हुआ. वह वहीं दीवार पर पीठ टिकाए बैठ गया. एकदम निढाल …उसके शरीर ने जैसे उसका साथ छोड़ दिया था. तूफान और बारिश का शोर उसके कानों में अंदर तक घुस रहा था और रह-रहकर कौंधती बिजली की चमक उसे जैसे अंधा बना रही थी. बारिश की बौछारें उस जीर्ण -जर्जर मंदिर के खुले द्वार पर पूरे वेग से प्रहार कर रही थी. जाने कितनी देर तक वह उसी प्रकार निश्चल और अर्धमुरछित सा पड़ा रहा… बीच बीच में बिजली की कौंध से मंदिर के बीचों-बीच स्थापित शिवलिंग उसकी अधखुली आँखों को नजर आता तो उसे अपने जीवित होने का अहसास होता. उसे लगा उसके होंठ सूखते जा रहे हैं और उसके भीतर जैसे खून जम सा गया था. पहली बार जीवन में उसने किसी जीते-जागते आदमी को चाकू से गोद कर मार डाला था. एक ऐसे व्यक्ति को जो उसे पहली बार मिला था और पहली मुलाकात का अंजाम था उस व्यक्ति की लाश जो अभी भी बारिश में मंदिर के बाहर पड़ी हुई थी. जिस वक्त उसके चाकू के अन्तिम प्रहार से वह गिरा था ठीक उसी वक्त बारिश की बौछार पड़ने लगी थी और कुछ ही क्षणों में ताज़ा गाढ़ा लहू जमीन पर पानी से मिलकर बहने लगा था.
और जब रक्त-रंजित हाथ में चाकू लिए वह पलटा तो पहली बार उसने लंगड़े उस्ताद के भयानक चेहरे पर मौत का खौफ देखा. वो चाकू हाथ में लिए जब उसकी तरफ बढ़ा तो उस्ताद के हाथों से ब्रीफ़केस गिर गया जिसके अंदर मौजूद पाँच लाख रुपयों की झलक अभी अभी देखी थी उसने.
“शंकर…मुझे माफ कर दे…” यही तो निकला था उस्ताद की लड़खड़ाती हुई जुबान से. वो हैरान था आखिर उस्ताद की जुबान पर दादा का नाम क्यों था.
लंगड़ा उस्ताद गिर पड़ा…उसकी बैसाखी दूर जा पड़ी. वो चीखने लगा …जोर जोर से. “शंकर….शंकर मुझे मत मार…मुझे माफ कर दे”
ज्यों ज्यों वह आगे बढ़ता उस्ताद पीछे-पीछे घिसटने लगता.
“उस्ताद….”- उसने चाकू को बाएँ हाथ में पकड़ा और दाहिने हाथ से उस्ताद को उठाने की कोशिश की…ठीक उसी वक्त उस्ताद की आँखें खुली रह गई…
“शंकर” उसकी जुबान पर अन्तिम शब्द जैसे अटक कर रह गया था..उसका मुँह अधखुला रह गया.
“उस्ताद…उस्ताद”…उसने झिंझोड़ कर उस्ताद के शरीर को हिलाया…पर बारिश की बौछारों से बेपरवाह बेजान शरीर धरती पर लुढ़क गया.
उस्ताद मर चुका था. अब उसके सामने दो बेजान जिस्म बिछे हुए थे. आसमान बिल्कुल काला हो गया था और बारिश भी तेज हो चली थी… और उसने एक नजर दोनों शरीरों को देखा जो औंधे मुँह जमीन पर गिरे पड़े थे जैसे तेज हवा के झोंको से दो पेड़ गिर गये हों. बिजली चमकी तो उसे उस्ताद का चेहरा दिखा …दहशत से भरा चेहरा और दो खुली हुई भयभीत आँखें. उसने चाकू फेंक दिया…और उसकी दोनों टांगे कांपने लगी…बिजली की चमक में मंदिर का द्वार उसे नजर आया और उसके कदम मंदिर की तरफ घिसटने लगे थे.

वो जीवन में पहली बार किसी मंदिर में घुसा था…और भी ऐसे मंदिर में जो बरसों से वीरान था…कभी कोई वहाँ पूजा करना तो दूर उस तरफ आता तक नहीं था.
सिर्फ उसके दादा…शंकर दादा वही आते थे इस मंदिर में वो भी महीने में सिर्फ एक बार तेरह तारीख को. एक-दो बार वो भी दादा के साथ आया था यहाँ…पर दादा उसे मंदिर के बाहर पीपल के पेड़ के पास खड़ा रहने की हिदायत देकर अकेले ही मंदिर में जाते थे और दीया जला कर वापस लौट आते थे. उन्होने कभी इस मंदिर के बारे में जिक्र नहीं किया. पर उसने सुना था कि यह मंदिर अभिशप्त था…जो यहाँ आता था उसका अनिष्ट जरूर होता था.. इसलिए बरसों से वह मंदिर जो बस्ती से काफी दूर एक पहाड़ी के टीले पर था वीरान ही रहता था. केवल महीने में एक बार दादा वहाँ आते और मंदिर की साफ-सफाई कर दीया जला आते. वो भी सिर्फ तेरह तारीख को. उसकी कभी हिम्मत नहीं हुई कि पूछे कि दादा आखिर इस मंदिर से आप का क्या रिश्ता है.
लेकिन दादा सिर्फ प्यार से उसके सिर के बालों को सहलाते मानों कह रहे हों मुन्ना इस राज को राज ही रहने दो.
लेकिन आज वो जान गया था कि क्यों दादा इस मंदिर में हर तेरह तारीख को दीया जलाने आते थे.
उस्ताद ने बताया था कि ये टूटा-फूटा मंदिर दरअसल एक समय गाँव रंगपुर की पहचान हुआ करता था. दूर-दूर से लोग इस मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने आते थे. मंदिर बहुत ही प्राचीन था और कई किवदंतियों को समेटे हुए था पर मान्यता इतनी थी कि लोग दो-दो घंटे पैदल चल कर इस मंदिर में शीश झुकाने चले आते थे. रंगपुर में करीब सौ या शायद इस से भी कुछ अधिक परिवार रहते थे. शिव रात्रि को यहाँ पूजा का विशेष आयोजन होता था.उस दिन तेरह तारीख थी, शिवरात्रि का दिन. विशेष रूप से बुलाई गई गाँव की पंचायत में उस दिन जो हुआ उस से पूरे गाँव में जैसे भूचाल सा उठ खड़ा हुआ. एक अठारह बरस की अविवाहित लड़की ने भारी पंचायत में अपनी कोख में पनप रहे बच्चे के लिए मंदिर के पुजारी को ज़िम्मेदार ठहरा दिया. पूरे गाँव में आक्रोश फैल गया. इतना जघन्य अपराध!, लोगों ने आव-देखा न ताव मंदिर की ओर लाठी-डंडों के साथ कूच कर दिया. पंचों का फ़ैसला आना शेष था..पर किसे परवाह थी फ़ैसले की. गाँव के लोगों ने फ़ैसला कर लिया था. मंदिर में पूजा करते पुजारी को खींच कर मंदिर के प्रांगण में घसीटा गया. ओर उसके कुकृत्या की सजा लोगों ने उसको वहीं डंडों ओर लाठियों से पीट पीट कर दे दी. बेचारा पुजारी भगवान शंकर की कसम खाता रहा ओर खुद को निर्दोष बताता रहा. पर गाँववालों ने एक न सुनी. पुजारी का अंत हो गया. इस घटना के ठीक एक महीने के बाद ही सरपंच के बेटे को लकवा मार गया. उसके आग्रह पर उसे चारपाई में मंदिर ले जाया गया. उसने सबके सामने कबूला कि दरअसल लड़की के पेट में पल रहे बच्चे के लिए वो खुद ज़िम्मेदार है ओर उसी के कहने पर लड़की ने पुजारी के उपर आरोप लगाया था और पुजारी जी निर्दोष थे.गाँव वाले सन्न रह गये ओर एक बेगुनाह व्यकित के खून के छींटे गाँव के हर आदमी के माथे पर लग गये. इस बीच वो लड़की पेट में बच्चा लिए कहीं लापता हो गई थी. कुछ सालों के बाद एक दिन तेरह तारीख को गाँव के सात लोग एक रहस्यमयी बीमारी से काल के मुँह में समा गये. गाँववालों ने इसे निर्दोष पुजारी की आत्मा का बदला माना और फिर कई तरह् की अफवाह जैसे किसी ने मंदिर में पुजारी की आत्मा को भटकते देखा या मंदिर में जो भी पूजा करता है उसके बुरे दिन शुरू हो जाते हैं..आदि.. आदि . नतीजा गाँव से लोगों का पलायन होने लगा और धीरे धीरे एक जीता जागता गाँव, रंगपुर इतिहास बन गया. गाँव निर्जन हो गया…मंदिर सुनसान हो गया. पर जो व्यक्ति हर महीने की तेरह तारीख को वहाँ दिया जलाने आता था वो उसी लड़की की कोख से जन्मा था और स्वयं को और अपनी माँ को पुजारी की हत्या के लिए दोषी मानता था और हर महीने की तेरह तारीख को दिय जला कर शायद प्रायश्चित कर रहा था. वो शंकर दादा थे.
उसके अपने शंकर दादा.
बाहर बारिश का शोर थोड़ा कम लग रहा था.. उसने अंदाज़ा लगाया शायद दोपहर के तीन बज रहे थे. पर उसे अब भी चारों तरफ अंधेरा लग रहा था. वो जल्दी से जल्दी बाहर निकल कर यहाँ से भागना चाहता था..कत्ल…उसके हाथों कत्ल..जिसने आज तक कभी चींटी तक नहीं मारी..एक जीते जागते इंसान को कैसे उसने बेरहमी से मार डाला था. वार पर वार …उसका जैसे अपने हाथों पर नियन्त्रण नहीं था…किसी अदृश्य शक्ति के वशीभूत होकर उसके हाथों ने एक व्यक्ति की जान ले ली जो शायद उसके बाप की उम्र का था. और फिर उस्ताद…उसे क्या हुआ …वो दादा का नाम लेते लेते क्यों मर गया. उसने क्या देखा….उसके चेहरे पर. वो मंदिर में आखिर आया ही क्यों. उस्ताद ने तो उस से कहा था कि दादा यहाँ मंदिर में आएंगे…पर दादा नहीं मिले. वो आदमी कौन था जो उसके हाथों मारा गया. उस्ताद को उसने नोटों से भरा ब्रीफ़केस क्यों दिया. उन सवालों का जवाब उसके पास न था. तभी अचानक जैसे उसे लगा कि कोई रो रहा है….बाहर कीचड़ में किसी के चलने की आवाज़ हुई. कौन हो सकता था…यहाँ इस मंदिर के पास दूर दूर तक कोई नहीं रहता था. दादा?…पर ये तो किसी औरत के रोने की आवाज़ थी.. फिर आवाज़ अपने आप बंद हो गयी. कौन हो सकता था..उसे पता था कि मंदिर कोई ज्यादा बड़ा नहीं है…मुख्य मंदिर के अलावा ज्यादा से ज्यादा चार क्मरे होंगे..वो भी टूटे-फूटे और फिर प्रवेश द्वार भी एक ही है. क्या कोई मंदिर में पहले से था जो मंदिर के पीछे वाले किसी कमरे से निकल कर बाहर मंदिर के द्वार के ठीक सामने लाशों के बीच घूम रहा था..एक स्त्री…उसने उठ कर बाहर देखना चाहा पर…जैसे शरीर में उसके ताकत़ नहीं थी.. फिर वो भयभीत भी कितना हो गया था. वो स्त्री कौन थी..अब उसकी आवाज़ क्यों नहीं आ रही है…क्या वो अब भी वहीं है उन लाशों के बीच?

उसने बारिश के मंद होते शोर को एक तरफ़ रख कर सुनने का प्रयास किया पर अब कोई आवाज़ नहीं आ रही थी. वो अंदर से बहुत डरा हुआ था और मंदिर के बारे में सुनी गई भूत-प्रेत की कहानियों पर न चाहते हुए विश्वास करने लगा. उसने नीम अंधेरे में मंदिर के हर कोने को ध्यान से देखा. रख रखाव के अभाव में देवी-देवताओं की मूर्तियाँ अवशेष मात्र रह गई थी.उसे दादा की याद आई…महीने में एक दिन ही सही लेकिन मंदिर में दीया जलता था और साफ-सफाई भी होती थी. सात साल गुजर गये दादा को देखे. उसे दादा के साथ अपनी आखिरी मुलकात याद हो आई. लंगड़े उस्ताद ने कहा दादा उस से मिलना चाहते हैं. और वो उनसे मिला भी जेल में….
“मुन्ना…कैसे हो’…दादा बहुत कमजोर से लग रहे थे.
और वो सिर्फ दादा के चेहरे को देखे जा रहा था.
“क्या तुम भी समझते हो..तुम्हारे बाबूजी का कत्ल मेंने किया है?”
“नहीं..”-उसने तुरंत उत्तर दिया था.
दादा के चेहरे पर हल्की सी मुस्कुराहट फैल गई जैसे कोई बहुत बड़ा बोझ उनके दिल से उतर गया था.
“माँ कैसी है’?
उसने देखा दादा के चेहरे पर नाख़ूनों के निशान बहुत गहरे लगे थे.. माँ ने गुस्से में न जाने क्या क्या कहा था और शंकर दादा के चेहरे को बुरी तरह् नोच-खसोट दिया था.
“माँ अस्पताल में है…बार बार बेहोश हो जाती है”
दादा के चेहरे का रंग उड़ गया.
“मुन्ना …उसका चेहरा छ्प गया है मेरी आँखों में..अगर फाँसी से बच गया..तो गंगा मैया कि सौगंध..जेल से निकलते ही…” उन्होने वाक्य अधूरा छोड़ दिया.
“तुमने देखा उसे?”-उसने पूछा था.
“हाँ-मैं गैराज बंद कर ही रहा था, तभी वो गाड़ी से उतर कर मेरे पास आया और कहने लगा उसकी गाड़ी खराब हो गई है. मैंने कहा ठीक है.. पर जैसे ही मैं गाड़ी की तरफ़ आगे बढ़ा….पीछे से मेरे सिर पर वार हुआ …मैं वहीं गिर पड़ा…होश आया तो खुद को गाड़ी की अधखुली डिक्की में फंसा पाया..अंदर बाबूजी की लाश थी और मेरे हाथों में चाकू और खून…यही सच है…मुन्ना पर किसी को मेरी बात पर यकीन नहीं..
माँ को भी नहीं…वो भी यही समझती है..मैंने मारा है बाबूजी को…?
“कौन था वो?”
दादा चुप रहे .
“माँ का ख्याल रखना”-यही उनके आखिरी शब्द थे.
वो उसकी आखिरी मुलाकात थी शंकर दादा से.
दादा उसके जीवन में अचानक आए थे-भगवान बन कर. एक दिन स्कूल से लौटते समय वो एक सड़क हादसे में वो घायल हो गया तब दादा ही उसे अस्पताल ले गये थे और तब उसकी जान बचाने के लिए अपना खून भी दिया था.
माँ और बाबूजी उनके बहुत अहसानमंद थे वो दादा से मिलना चाहते थे पर दादा माँ और बाबूजी को मिले बिना ही चले गये. वो अस्पताल में करीब एक महीना रहा और इस बीच शंकर दादा बराबर उनसे मिलते थे पर कभी उन्होने माँ और बाबूजी का सामना नहीं किया. बाबूजी बहुत चाहते थे कि वो शंकर दादा से मिले पर शंकर दादा हंस कर टाल देते थे. वो ठीक हुआ और फिर से स्कूल जाने लगा. शंकर दादा अक्सर स्कूल में छुट्टी के बाद उस से मिला करते थे. उन्होने बताया वो किसी लंगड़े उस्ताद के गैराज में नौकरी करते हैं और बहुत अच्छे मैकेनिक हैं. क्भी कभी तो वो नई-नई गाड़ियाँ लेकर आते और वो शहर भर में उनके साथ घूमता. माँ स्कूल से लेट आने की वजह पूछती तो वो बहाने बना देता.
फिर एक दि न उसने माँ को शंकर दादा के बारे में बताया. माँ ने कहा वो उस से मिलना चाहती है. यह बात उसने दादा को बताई तो दादा ने साफ मना कर दिया. उसके बाद से दादा ने उस से मिलना छोड़ दिया. कुछ दिन बाद ही वो बीमार पड़ गया..बुखार था कि पीछा ही नहीं छोड़ता था. नींद में भी वो अक्सर दादा का नाम लेकर बड़बड़ाने लगा था. माँ के कहने पर आखिर बाबूजी ने संदेशा भेज कर शंकर को बुलाया. उस दिन दादा पहली बार उस के घर आए. दादा को देखते ही माँ की आँखों में आँसू आ गये और वो दादा से लिपट कर जोर-जोर से रोने लगी. दादा निर्विकार भाव से खड़े रहे. दादा को सामने देख कर वो बहुत खुश हुआ..पर माँ का व्यवहार उसे समझ नहीं आया. दादा ने उस के सिर पर हाथ फेरा और आँखों ही आँखों में पूछा मुन्ना कैसे हो? वो थोड़ी देर उसके पास बैठे, उससे बातें की और फिर चले गये.
उस रात उसने माँ और बाबूजी की बातें सुनी…बाबूजी ने क्रोध में आकर माँ को चेतावनी देते हुए कहा था कि शंकर के पैर घर में दोबारा नहीं पड़ने चाहिए.
तब माँ ने रोते रोते कहा था कि वो अपनी ममता का गला कैसे घोट दे. इतने बरसों के बाद शंकर घर आया था….और भी क्या-क्या कहा माँ ने वो बुखार के कारण नीम-बेहोशी की हालत में था इसलिए सुन नहीं पाया.
उस दिन उसे पता चला कि शंकर दादा सचमुच उसके दादा थे. वे दोनों एक ही कोख से जन्मे थे.
वो ठीक हुआ पर उसने माँ से कोई सवाल नहीं किया और जा पहुँचा दादा के गैराज में.
“दादा-क्या तुम सचमुच मेरे भाई हो?” उसने सवाल किया था.
दादा की आँखों में आँसू आ गये. उन्होने उसे गले लगा लिया.
“हाँ-पर तुम्हारे बाबूजी मेरे बाबूजी नहीं हैं”
दादा ने फिर उसे बताया कि वो एक बिन-ब्याही माँ की संतान होने का बोझ लिए जी रहे हैं. पाँच साल तक किसी तरह माँ ने उसे पाला पोसा पर जब उसकी माँ को लगा कि इस दुनिया में एक छत और एक आदमी के बिना जीना बहुत कठिन है तो उन्होने शादी कर ली. फिर मुन्ना का जन्म हुआ. बाबूजी ने शंकर को कभी अपना बेटा नहीं माना. वाबूजी से लड़-झगड़ कर किसी तरह माँ ने शंकर को स्कूल भेजना शुरू कर दिया. बाबूजी हमेशा उसे डाँटते फटकारते और माँ उसके लिए बाबूजी से लड़ती. बाबूजी एक कंपनी के मामूली से मुलाजिम थे और उन्हें शराब पीने की आदत थी. एक दिन खेल-खेल में शंकर ने तीन साल के मुन्ना को धक्का दे दिया और मुन्ना के सिर से खून बहने लगा. माँ ने बाबूजी के गुस्से को देखते हुए उसे उस समय घर से चले जाने को कहा. बस …उस दिन के बाद शंकर ने घर में कदम नहीं रखा. भूखे प्यासे दस बरस के शंकर को लंगड़े उस्ताद ने आसरा दिया और अपने गैराज में साफ-सफाई के काम में लगा दिया. तब से शंकर वहीं उसी गैराज में लंगड़े उस्ताद को मई-बाप समझ कर रह रहा था. माँ ने उसका पता लगाया और उस से मिलने की कोशिश की पर शंकर को तो अपनी माँ और बाप दोनों से नफरत हो गई थी. कहीं से उसको यह भी पता चल गया था कि उसकी माँ एक बसे-बसाए गाँव को उजाड़ने के लिए ज़िम्मेदार थी. एक निर्दोष पुजारी की हत्या के लिए दादा ने स्वयम् को भी ज़िम्मेदार माना और फिर हर महीने की तेरह तारीख को मंदिर में दीया जलाकर अपनी तरफ से पश्चाताप करने लगे. हालांकि यह बात दादा ने उसे नहीं बताई.

दादा उसके भाई हैं, यह जानकार उसे बहुत खुशी हुई और साथ ही दादा के प्रति उसके हृदय में सम्मान भी बढ़ चला था. माँ को भी पता चल गया था कि मुन्ना को शंकर के बारे में सब पता चल गया है. अब वो खाली वक्त में बेझिझक दादा के गैराज में पहुँच जाता और घंटों उनसे बतियाता. इधर बाबूजी के व्यवहार में बहुत परिवर्तन आ गया था. उन्होने कंपनी की नौकरी छोड़ दी. अब वे देर रात तक घर से बाहर रहते और कभी कभी तो दो-दो दिन तक घर भी नहीं लौटते. माँ के बार बार पूछने पर यही कहते कि अब उनके दिन फिरने वाले हैं और जल्द ही वो पैसों का अंबर लगा देंगे. माँ कुछ शंकित हुई..उन्हैं लगा जरूर वो कोई गलत काम कर रहे हैं. और फिर सचमुच उनके दिन फिर गये. बाबूजी अक्सर नोट से भरे बैग लेकर आने लगे. घर की कायाकल्प हो गई और कुछ दिनों बाद उनके घर के बाहर शानदार कार खड़ी हो गई. वो बहुत खुश था. अब न बाबूजी उस से पढ़ाई के बारे में चर्चा करते न ही दादा से मिलने से रोकते. पर माँ पति के व्यवहार से बहुत दुखी थी. दादा भी हैरान थे उनके घर और रहन सहन में आए परिवर्तन को देख कर. फिर एक दिन दादा से मिलने जब वो उनकी गैराज में पहुँचा तो दादा ने बताया कि वो जल्द ही लंगड़े उस्ताद का साथ छोड़ देंगें उन्हैं पता चल गया है कि उस्ताद का संबंध नशे के कारोबारियों से है साथ ही उन्होने अपना शक जता दिया कि बाबूजी का संबंध भी ऐसे ही लोगों से है.उस दिन उसे सचमुच बहुत ग्लानि हुई और अपनी नयी नयी अमीरी पर उसे शर्म आने लगी. उसने सीधे जा कर माँ को यह बात बताई तो माँ ने हंगामा खड़ा कर दिया और उस दिन बाबूजी से खूब लड़ी. तब बाबूजी ने भी गड़े मुर्दे उखाड़कर माँ के चरित्र पर कटाक्ष करने शुरू कर दिए. माँ बहुत रोई और घर छोड़ने की धमकी दे डाली. अब बाबूजी बहुत परेशान रहने लगे. माँ ने उनसे बात करना छोड़ दिया और वो स्वयम् भी बाबूजी के पास नहीं जाता था, विरोध स्वरूप उसने पुराने कपड़े पहनने शुरू कर दिए. बाबूजी माँ को बहुत चाहते थे तभी तो उन्होने माँ के बारे में सब कुछ जानते हुए भी उनसे शादी की थी. उन्हैं अपनी गलती का अहसास हो गया था और एक दिन उन्होने स्वीकार किया कि पैसों के लालच में ही वो इस तरह् का गैर-कानूनी काम करने लगे थे..उन्होने माँ को वचन दिया कि वो जल्द ही सही वक्त आने पर इस धंधे से निकल् जाएंगे. पर कुछ दिन बाद ही एक सुबह उनके घर पुलिस आ गई और दादा को बाबूजी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. माँ को बहुत गहरा सदमा लगा…उनको लगा कि दादा ने ही बाबूजी की हत्या की है. दादा जेल चले गये और माँ पूरी तरह से टूट चुकी थी. पति के परिवार से नाता तोड़े बरसों हो गये थे. अब माँ क्या करती . कुछ दिनों के बाद ही माँ पर पागलपन के दौरे पड़ने लगे. मुन्ना तब चौदह बरस का था. उसने स्कूल जाना छोड़ दिया. एक साल किसी तरह घर गुजर गया. पर माँ की हालत काफी बिगड़ गई..लोंगों के कहने पर उसने माँ को पागलखाने में भरती कर दिया… फिर एक दिन उसने उस्ताद के गैराज में उस्ताद से मुलाकात की ..उस्ताद का गैराज अब बहुत बड़ा हो गया था..बहुत से लोग वहाँ काम करते थे. उसने मुन्ना को रख लिया. उस्ताद अब गैराज बहुत कम आता था…अब उसका चेहरा बहुत डरावना और रौबीला हो गया था. चार-पाँच लोग हमेशा उसके साथ रहते थे. दिन गुजरे और फिर एक दिन पता चला कि दादा जेल से रिहा हो गये हैं..पर कहाँ गये किसी को कुछ पता नहीं था.. मुन्ना को बहुत दुख था कि दादा ये जानने तक नहीं आए कि वो कैसा है और माँ कैसी है. फिर एक दिन पता चला कि उस्ताद पर चाकुओं से हमला हुआ है और वो अस्पताल में है. बड़ी मुश्किल से उस्ताद की जान बची. ठीक हुआ तो बहुत डरा डरा सा रहने लगा और देर तक गैराज में ही बैठ कर शराब पीता रहता. अब वो कहीं आता जाता नहीं था और न ही उसके पास पहले जैसे आदमियों की फौज रहती. एक दिन सुबह जब वो गैराज पहुँचा तो उस्ताद ने उसे बुलाया.
“मुन्ना-तुम्हें दादा से मिलना है?”
फिर वो और उस्ताद एक पुरानी कार लेकर निकल् पड़े उस मंदिर की तरफ़. रास्ते में उस्ताद ने बताया कि वो उसके बाबूजी के बारे में एक राज जानता है और जिसे वो उसे मंदिर में ही जा कर बताएगा. मुन्ना चुपचाप गाड़ी चलाता रहा उसे तो सिर्फ और सिर्फ दादा से मिलना था. बारिश का मौसम बनता जा रहा था. उसने गाड़ी तेज कर दी क्योंकि लगभग आधा घंटा उन्हें पैदल भी चलना था कच्चे रास्ते पर. रास्ते में उस्ताद ने मंदिर के बारे में बताया.
वो मंदिर के पास पहुँचे.
“दादा कहाँ है?”
थोड़ा इंतजार करो, उस्ताद ने कहा और अपनी जेब से चाकू निकाल कर उसकी धार को परखने लगा. बहुत देर हो चली थी.
उस्ताद ने घड़ी देखी-वो किसी का इंतजार कर रहा था. आसमान काला हो चुका था. किसी भी समय बारिश हो सकती थी. और फिर एक आदमी दूर से आता दिखाई दिया.
उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि ये सब क्या हो रहा है.
वो आदमी करीब आ चुका था.
“बैग-इधर दो-जगदीश सेठ”
आदमी ने ब्रीफ़केस उसकी तरफ उछाल दिया. लंगड़े ने फौरन उसे खोल कर देखा. नोटों से भरा हुआ बैग. उसकी आँखों में चमक उभर आई.
“मुन्ना …यही है तेरे बाप का कातिल ये ले चाकू…छोड़ना मत साले को….हाँ यही है…”-इसने मारा तेरे बाप को…शंकर ने नहीं बहुत बड़ा ड्रग डीलर है ये..”-उस्ताद जैसे पागल हो गया था उसने मुन्ना के हाथ में चाकू थमा दिया था.
मुन्ना ऐसी परिस्थिति के लिए तय्यार नहीं था. उसने आज तक कभी चींटी तक नहीं मारी थी. वो चाकू फेंक देना चाहता था पर धीरे-धीरे उसे लगा कि वो अपनी सुध खो रहा है…उसके शरीर में परिवर्तन हो रहा था. जिसे वो सिर्फ महसूस कर सकता था. उसके पाँव स्वत्: उस आदमीं की तरफ़ बढ़े और फिर जैसे किसी ने उसका हाथ उपर उठा दिया…और फिर एक के बाद चाकू का प्रहार ……

मुन्ना एक झटके से वर्तमान में आ गया. हल्की सी रोशनी मंदिर में पड़ने लगी थी. कितना कुछ घट गया था जीवन में..वो अब एक हत्यारा था….वो घुटनों में मुँह छुपा कर रोने लगा.
“मुन्ना”-एक आवाज़ गूंजी.
दादा….उसे लगा कि दादा ने पुकारा.
“कहाँ हो..दादा..?” उसने इधर-उधर देखा. उसने आवाज़ सुनी दादा की.
“पीपल के पेड़ के नीचे..”
ये आवाज़ कहाँ से आई …कोई आस पास नहीं था..पर ये आवाज़…वो इधर-उधर देखने लगा. कोई नहीं था…
“मैंने आवाज़ सुनी दादा की”…उसने चिल्ला कर कहा….”दादा…दादा”
वो खड़ा हुआ और पागलों की तरह् भागने लगा……मंदिर के टूटे-फूटे कमरों में…
“दादा-दादा”-एक कमरे से, दूसरे कमरे में…और फिर जैसे ही तीसरे कमरे में घुसा तो एक इंसानी जिस्म से जा टकराया.
“माँ….” वो जोर से चीखा.
वो उसकी माँ थी…पागल माँ…
“मुन्ना…”-उसकी माँ के चेहरे पर अजीब से भाव उमड़ रहे थे…जैसे उसे पहचाने की कोशिश कर रही हो.
“मैं…मुन्ना …माँ…मुझे पहचानों माँ….तुम यहाँ कैसे”…उसने माँ को बुरी तरह् झिंज़ोड कर रख दिया.
“वो आएगा…आज तेरह तारीख है…न..वो आएगा”-उसकी माँ चीख़ते हुए कमरे के टूटे हिस्से से कूद कर बाहर की तरफ भागी.
मुन्ना भी माँ..माँ चिल्लाता हुआ उसके पीछे भागा. वो घूम कर उसी जगह पहुँची जहाँ दो लाशें औंधे मुँह पड़ी हुई थी….
बाहर रोशनी थी…और फिर वो ठिठक कर रह गया.
चारों तरफ़ …गीले..गीले नोट बिखरे हुए थे…ब्रीफ़केस आधा खुला था..और उसमें से उड़कर नोट फैले हुए थे…हर तरफ़ …कुछ फट कर तार तार हो गये थे…और कुछ पीपल के पेड़ के तने से जा चिपके थे. उसकी माँ हंस रही थी…
“वो आएगा…तेरह तारीख…है आज”-वो खुशी से ताली बजा रही थी.
अचानक उसकी नजर ब्रीफ़केस के अधखुले हिस्से पर पड़ी…वो झुका और उसने देखा गीले नोटों के बीच एक कागज का टुकड़ा था.
उसने उसे निकाल कर पढ़ना शुरू किया.
“जगदीश सेठ, ये चिट्टी तुम्हारे पास मेरी आखरी चेतावनी है…तुमने मुझे धोखा दिया..मुझे मारने की कोशिश की…पर अब मेरी बारी है…पाँच लाख रुपये लेकर तेरह तारीख को उसी मंदिर में पहुँच जाना जहाँ हम दोनों ने शंकर को मार कर ठिकाने लगाया था. शंकर के बाप को मारने में मैने तेरी मदद की…और तूने हमेशा कुत्ते की तरह मुझे रखा….रोटी का टुकड़ा मुझे फेंक कर खुद कमाई का सारा हिस्सा खाता रहा.. तूझे तो शंकर मार डालता…पर मैने तुझे उस से बचाया ..तेरी खातिर उस को मैने मार डाला…कल तेरह तारीख है…पाँच लाख रुपये लेकर वहीं पहुँच जाना वरना तेरी असलियत दुनिया के सामने होगी”
“नहीं…….”-उसे लगा मानों भूचाल सा आ गया हो.
उसके दादा ….अब दुनिया में नहीं हैं…..
….पर माँ वो हँसे जा रही थी…”वो आएगा..” वो मंदिर के मुख्य द्वार की तरफ़ भागी..
बोझिल कदमों से चलते हुए वो सोच रहा था की कैसे इस पागल को बताए की शंकर दादा दुनिया में नहीं है.
मंदिर में दाखिल हुआ …तो सन्न रह गया वहाँ एक दीया जल रहा था…और माँ एक दम शांत हाथ जोड़े खड़ी थी.
ये कैसे हो सकता है…उसने माँ के दोनों कंधे पर हाथ रख कर उसे घुमाया…
“माँ…” उसने देखा …माँ आँखों में आँसू लिए खड़ी थी. एकदम शांत, कोई उन्माद नहीं….
माँ ने मुन्ना को गले लगा लिया.
“मुन्ना…शंकर …तेरा भाई …देख वो यहाँ आया था…ये दीया जल रहा है…वो मेरे सपने में आता था..बार बार यही कहता था उसने बाबूजी को नहीं मारा है….उसने बाबूजी को नहीं मारा है”
“हाँ …माँ ..दादा ठीक कहते थे….वो यहाँ आए थे…उन्होने अपना बदला भी ले लिया…आ…माँ में तुझे दादा से मिलाता हूँ…मेरे साथ आ”-उसने माँ का हाथ पकड़ा और मंदिर के बाहर निकला. माँ मंत्रमुग्ध उसके साथ चलने लगी.
मुन्ना ने एक बार दोनों लाशों को देखा…और आगे बढ़ कर पीपल के पेड़ से एक टहनी तोड़ी.
“माँ…दादा यहाँ हैं…इस पेड़ के नीचे…वो कष्ट में हैं..माँ.”
फिर टहनी से उसने पीपल के पेड़ के नीचे जमीन को खोदना शुरू कर दिया. माँ चुपचाप हाथ जोड़े देख रही थी कैसे उसका मुन्ना एक आत्मा की मुक्ति के लिए धरती माँ से वापिस माँग रहा है अपने दादा को.
……………समाप्त


reposted…..वो घुंघराले बालों वाला लड़का

Shayad kuch readers apna kimati samay nikal kar ise padhna pasand karein……

उस लड़की ने अपनी दोनों आँखे बंद कर ली, अन्तिम बार अपने आराध्य को याद किया और छलांग लगाने के लिए कदम् बढ़ाया तभी उसके कानों में आवाज़ गूंजी.’संभाल के, कहीं गलती से बच मत जाना’
लड़की का हवा में लहराया कदम रूक गया. उसने अपने पैर उस निर्माणाधीन इमारत की छत की मुंडेर से वापिस खींचे और मुड़कर देखा. एक घुंघराले बालों वाला सुंदर सा युवक खड़ा मुस्कुरा रहा था.
‘कौन हो तुम’ लड़की ने पूछा
‘अभी तो कोई नहीं…लेकिन अगर तुम कूद जाती तो घटना का एकमात्र चस्मदीद गवाह होता” लड़के ने बेबाकी से उत्तर दिया.
‘व्हाट…!’
‘जी हाँ…लेकिन लगता है, आपने अपना इरादा बदल दिया है’
‘तुम्हें इससे क्या-?’
‘कुछ नहीं…’
‘तो ?
‘तो..तो..के चक्कर में मत पडिये…. और वो काम करिए..जिसके लिए आप ने इतनी सीडियाँ चढ़नेका कष्ट किया है…मेरा तो दम फूल गया था…बाप रे..कितनी उँची इमारत है…आपकी हिम्मत की दाद देनी पड़ेंगी-काश की मेरे पास कैमेरा होता’
‘क्या मतलब?”
‘दरअसल मैं एक पत्रकार हूँ..और तुम्हारी सुसाइड की कवरेज करके….’
‘शट आप” और दफ़ा हो जाओ’
‘दफ़ा हो जाओ- मतलब … मुझे उर्दू जुबान का बिल्कुल भी इल्म नहीं है…बराए मेहरबानी..इसका मतलब भी बता दो’
‘भाड़ में जाओ’
‘ये कुछ बात समझ में आई…लेकिन उधर तो आप जा रही हैं.. मैं तो सिर्फ ये कहना चाहता था की ऐसे कूदना की सिर जमीन से पहले टकराए…अस्पताल जाने की नौबत ना आए’
लड़की को अब क्रोध आ गया था. वो लड़के के ठीक सामने आ खड़ी हुई…जो शाम के धूंधलके में अपने दोनों बाजुओं को क्रॉस बनाकर बहुत ही सहज मुद्रा में खड़ा हुआ था…उसकी आँखों में अजीब सी कशिश थी…उसके घुंघराले बालों और गौर वर्ण ने लड़की के हृदय में एकबारगी हलचल सी मचा दी.. उसने तुरन्त सयन्त होकर लड़के को घूरा…वो अब भी मुस्कुरा रहा था…
‘तुम यहाँ क्या करने आए हो?’ -लड़की ने पूछा.
‘सिगरेट पीने’, लड़के ने बेझिझक उत्तर दिया.
‘तुम्हारे हाथ में सिगरेट तो नहीं है….’
‘जेब में है-तुम्हारे पास माचिस है?’
‘मेरे पास क्यों होगी..और तुम यहाँ सिगरेट पीने इस इमारत की छत पर…आई डोंट बिलीव यू, सच सच बताओ तुम यहाँ क्या करने ….”
‘वही जो तुम करने आई हो…आत्महत्या…’ लड़के ने लड़की की बात खत्म होने से पहले ही कह डाला.
‘क्या….?’
‘जी…….मैं भी… पर डरता हूँ…’
लड़की जोर से हंसी ….उसकी हंसी थी की रूक ही नहीं रही थी… लड़का शांत खड़ा देख रहा था.
तो तुम मरने आए हो..अभी तो कह रहे थे तुम पत्रकार हो..लड़की ने हँसते हँसते ही पूछा.
‘क्यों क्या पत्रकार आत्महत्या नहीं करते…’
लड़की की हंसी को ब्रेक लग गया. उसने लड़के की आँखों में गंभीरता को टटोला…शायद लड़का सचमुच गंभीर था…
‘लेकिन क्यों?-लड़की अपनी जिग्यासा को नहीं रोक पाई.
‘ये सवाल तो मुझे तुमसे पूछना चाहिए-क्योंकि मरने के लिए तो तुम मरी जा रही हो….’
‘ ये मेरा निजी मामला है…और तुम कौन होते हो ….’
‘ठीक है, तो आगे बदो…’ लड़के ने हाथ से आगे बढ़ने का संकेत दिया. - ‘अब की बार पीछे से आवाज़ भी नहीं दूंगा…समझी’
‘तुम्हारे कहने से मरूंगी?’
‘ठीक है तो फिर मत मरो’ लड़का हंसा.
‘देखो मिस्टर….अपनी मौत के बारे में फ़ैसला करने का अधिकार सिर्फ मुझे है.. समझे…और…तुम …तुम क्यों नहीं कहीं और जा कर मरते.-’ लड़की वापस मुंडेर की तरफ जाने के लिए मुडी.
‘यहाँ पहले मैं आया था…’
‘तो फिर कूदते क्यों नहीं हो ?’
‘डरता हूँ…’
‘मौत से?’
‘नहीं …जिंदगी से…अगर गिर कर बच गया …तो फिर मेरी तो जिंदगी ही बेकार हो जाएगी…एक अपाहिज ..की जिंदगी …ये कितना भयानक होगा…मौत से भी बदतर जिंदगी’ लड़के ने आह भरी.
लड़की भी इस भयावह सच्चाई की कल्पना मात्र से सिहर उठी. कुछ क्षण मौन रहने के पश्चात लड़की एक बनावटी द्रडता चेहरे पर लाती हुई कठोरता से बोली -’तुम मुझे डराने की कोशिश कर रहे’
‘तुम डर रही हो?’-लड़के के स्वर में उपहास का पुट था.
‘नहीं…’ लड़की को खुद अहसास हो गया कि उसके नहीं में कहीं से चुपके से डर ने सैन्ध लगा दी थी.
‘ तुम यहाँ से जाओं…भगवान के लिए मुझे अकेला छोड़ दो’ लड़की के स्वर में प्रार्थना थी.
‘भगवान…मतलब यहॉं कोई भगवान नाम का तुम्हारा बॉय फ्रेंड….’
‘तुम्हारा दिमाग खराब है…’ लड़की चिल्ला कर बोली.
‘सॉरी…भगवान से मतलब तुम्हारा उपरवाले से है…कितनी अजीब बात है उपरवाले से मिलने के लिए तुम नीचे जाना चाहती हो ..वो भी कूद कर’
लड़की खामोश हो गई.
‘क्या सोच रही हो?’ लड़के को शायद लड़की का चुप रहना अच्छा नहीं लगा था.
लड़की खामोश ही रही.
‘यदि हिम्मत नहीं हो रही है…तो मैं कुछ मदद करू’ लड़के ने कहा.
‘तुम क्या करोगे’
‘गिनती गिनूंगा..एक..दो. तीन’
‘शट अप’
‘अच्छा..चलो ये बताओ कि तुम मरना क्यों चाहती हो’
लड़की फिर से चुप हो गई.
‘एग्जाम में फेल हो गई हो…?’
लड़की ने आँखें तरेर कर देखा.
‘सौतेली मौ के व्यवहार से तंग हो ?’
लड़की चुप
‘कोई ऐसी वैसी बीमारी….?’
‘तुम पागल हो’ लड़की ने गुस्से से चीख कर बोला.
‘तो फिर …किसी प्रेम प्रसंग का मामला है-मेरा मतलब प्यार में धोखा?’ लड़के ने फुसफुसाते हुए लड़की के एकदम करीब आकर पूछा.
लड़की ने सिर झुका लिया.
‘मुझे पता था…यही बात है…नाइंटी पर्सेंट केसस में ऐसा ही होता है’ लड़के ने जैसे जीत का एलान कर दिया था.

लड़की ने अचानक दोनों हाथों से अपना चेहरा ढक लिया और फफक फफ्क कर रोने लगी.लड़का शायद इस तरह् की प्रतिक्रिया की अपेक्षा नहीं कर रहा था. वह लड़की के निकट गया और बोला.
‘देखिए, आप जरा ये हाथों का परदा हटाइए…इस तरह् के आँसू एक बहादुर लड़की की आँखों से बहे …ये कुछ ठीक नहीं है…’
लड़की पूर्ववत रोए जा रही थी.
‘चलिए…थोड़ी देर रो ही लीजिए. मरने से पहले थोड़ा सा गम हल्का हो जाएगा..’
लड़की ने मुँह घुमाकर दुपट्टे से अपनी आँखों को पोछा और वापिस लड़के की तरफ़ घूमी जो निर्विकार भाव से उसकी तरफ घूर रहा था…सफेद रंग की कमीज़ और नीले रंग की जींस में खड़ा हुआ लड़का अपने घुंघराले बाल, गौरवर्ण और लंबे उँचे कद के कारण एक पल में किसी फिल्मी हीरो का सा अहसास देता था.
‘मुझे तुम पर दया आ रही है..वैसे अगर तुम कहो तो में तुम्हारी मदद कर सकता हूँ’
‘कैसी मदद?’
‘पहले गिनती गिनने को तैय्यार था अब तुम्हें आत्महत्या के पाप से बचाने के लिए ..धक्का दे सकता हूँ’
‘तुम्हारी मेहरबानी की जरूरत नहीं है…समझे ..और जाकर अपने दिमाग का इलाज कराओ-तुम आखिर चाहते क्या हो?’
‘अरे! में तो तुम्हारी मदद करने की कोशिश कर रहा हूँ. और वैसे भी थोड़ी देर बाद अंधेरा हो जाएगा..ऐसे काम जितनी जल्दी निपट जाएँ उतना ही अच्छा है..बहुत सी फॉरमॅलिटीस करनी पड़ती हैं.पुलिस केस बनेगा, पोस्टमार्टम होगा, टीवी चॅनेल्स वाले तुम्हारे माँ-बाप का रोना धोना कैमरे में कैद करेंगे..तुम्हारे अन्तिम संस्कार कि रस्म…..’
‘बंद करो ये सब….-तुम कैसे निर्दयी इंसान हो..जो मुँह में आता है बक देते हो’-लड़की ने गुस्से में तमतमाते हुए लगभग चीख़ते हुए कहा.
‘लेकिन मैं तो वो हकीकत एडवांस में तुम्हारे सामने रख रहा हूँ..जो सत्य होने वाली है-कल सुबह के लोकल अखबारों की हेडलाइन्स होगी. “नर्मदा अपार्टमेंट की छत से कूद कर एक युवती ने जान दी-दस दिनों के भीतर आत्महत्या की यह दूसरी घटना’”.
‘दूसरी घटना..क्या मतलब’
‘क्यों अखबार नहीं पढ़ती?’
‘क्या सचमुच यहाँ से कूद कर किसी ने जान दी थी..कोई लड़की थी?’
‘नहीं, एक लड़का था ..बेचारा…’लड़के ने एक आह भरी और लड़की की तरफ़ देखा जिसके चेहरे पर घबराहट और बैचेनी साफ नजर आ रही थी.
‘तुम उसकी छोड़ो..और अपना काम करो’
‘तुम मेरे पीछे क्यों पड़े हो..आखिर तुम मुझे क्यों मारना चाहते हो?’
‘मैं तुम्हें मारना चाहता हूँ? …अरे! तुम खुद कूद रही थी ..वो तो मैने तुम्हे टोका था बस ..में तो यही चाहता था कि कहीं कसर न रह जाए…’
‘लेकिन ..अब मैंने अपना इरादा बदल दिया है’-लड़की ने कहा.
‘ये आप गलत कर रहीं हैं मैडम.’
‘क्यों?’
‘मेरा मतलब ..अभी मरने से इनकार, कल फिर जीने से इनकार और फिर मरने के लिए दोबारा तैयार …ये कुछ अजीब सा नहीं है.’ लड़के ने नाटकीय अंदाज में कहा.
‘मैं…मैं कुछ समझ नहीं पा रही हूँ…मैं क्या करू…मेरे साथ उसने ऐसा किया…मैं कहीं की नहीं रही…मरना तो चाहती हूँ..पर तुमने जो कुछ कहा उसके बाद… मेरी हिम्मत नहीं हो रही है…’
लड़का जोर जोर से हँसने लगा.
‘तुम..तुम हंस रहे हो?’
‘तुम्हारे इरादे को नाप रहा था…मुझे लगता है कि तुम्हारे अंदर जीने की इच्छा बहुत बाकी है…लेकिन उस प्रेम चोपड़ा ब्रांड तुम्हारे बॉय फ्रेंड ने तुम्हारे साथ जो किया उसके बाद तुम्हें अपने आप से नफरत हो रही है..बोलो ठीक हैं ना?
‘तुम ठीक कहते हो…मुझे अब उस लड़के से नफरत हो गई है…उसने मेरे साथ खिलवाड़ किया और अब किसी और से शादी कर रहा है…मैने उस पर विश्वास किया..पर…’ लड़की फिर से रोने लगी थी.
‘देखो….मैं तुम्हारी राम कहानी नहीं सुनना चाहता…तुम कौन हो..वो कौन था..तुम्हारे साथ क्या हुआ..ये सब छोड़ो…केवल इतना कहना चाहता हूँ कि यदि समस्याओं का समाधान आत्महत्या होता तो शायद ये दुनिया कभी की खत्म हो गई होती’
‘शायद तुम ठीक कह रहे हो..पर अब मैं अपने आप को पराजित सा महसूस कर रही हूँ..मेरे भीतर का तूफान ही मुझे यहाँ तक ले आया…मेरे परिवार वाले मेरा इंतजार कर रहे होंगे और मैं यहाँ…’
‘घबराओ नहीं …अब तुम्हारी भीतर का तूफान शांत हो गया है” लड़के ने किसी दार्शनिक के लहजे में कहाँ शुरू किया- ‘दरअसल, मौत एक कुँआ है.जिंदगी और मौत के बीच में सिर्फ दो कदम का फासला है…पहला कदम् उठा कर वापिस खींचा जा सकता है…लेकिन यदि दूसरा कदम् भी उठ गया तो…जिंदगी खत्म. तुम भी वही करने जा रही थी.. तुम पहला कदम बढ़ा चुकी थी…लेकिन तुम्हार दूसरा कदम मैने रोक दिया-अब तुम्हारे भीतर से जिंदगी फिर से तुम्हें पुकार रही है…उसकी आवाज़ सुनो…जिंदगी तुम्हारी कल्पना से भी कहीं ज्यादा सुंदर है….बोलो है ना सुंदर…?’
‘तुम ठीक कहते हो..’ लड़की के भीतर कहीं से शांत लहरें उठ उठ कर उसके रोम रोम को भिगो रही थी.
”और, तुम किस पाप की बात कर रही हो…अंतरंग प्रेम के वे क्षण तुम्हारे विश्वास और तुम्हारे समपर्ण की उँचाई थी…और तुम्हारे प्रेमी के लिए केवल वासना का एक खेल….तुम निश्छ्ल थी तभी तो तुम्हारे साथ छ्ल हुआ…एक व्यक्ति के धोखे की सजा तुम अपने पूरे परिवार को दे रही हो…और शायद उन बेचारों को भी जो तुम्हें देख देख कर जी रहे होंगे…अच्छी खासी खूबसूरत जो हो…’
अन्तिम वाक्य सुनकर लड़की के चेहरे पर मुस्कान फेल गई….डूबते हुए सूरज की लाली और मुस्कान से खिला उसका चेहरा सचमुच भला सा लग रहा था.

'तुमने अपने बारे में कुछ नहीं बताया तुम्हारा नाम क्या है और तुम यहाँ क्या कर रहे हो?'
'मेरा नाम तुम अपनी सुविधा के हिसाब से कुछ भी रख सकती हो लेकिन में चाहूँगा की तुम मुझे ऋतिक रोशन बोलो "
लड़की ने जोर से ठहाका लगाया. 'तुम मजाक बहुत अच्छा कर लेते हो'
'वो तो ठीक है… लेकिन चलो अब में तुम्हें नीचे तक छोड़ देता हू'
'छोड़ देता हूँ मतलब….तुम नहीं जाओगे?'
'मैं इस इमारत का चौकीदार हूँ' लड़के ने कहा.
'सौ झूठे मरे होंगे जब तुम पैदा हुए…तुम जो कोई भी हो लेकिन सच कहूँ …मेरे लिए तो देवदूत हो' लड़की ने दोनो हाथ जोड़ दिए.
अब वे इमारत कि सीडियाँ उतर रहे थे. लड़का अब बिल्कुल खामोश था. लड़की को उसकी खामोशी बैचेन कर रही थी.
'तुम कुछ बोल नहीं रहे हो?'
'तुम वापस लौट रही हो, और प्रॉमिस करो कि जीवन में कभी भी ऐसा विचार मन में नहीं लाओगी जो तुम्हें फिर से इस मनहूस बिल्डिंग कि तरफ ले आए'
'मैं वचन देती हूँ तुमने मुझे जीवन का सबक सिखाया है काश कि उस लड़के को भी तुमहरे जैसा कोई देवदूत मिला होता जो उसे रोकता उसके बारे में तुम ने कुछ नहीं बताया?.
'संभाल के इस बिल्डिंग की सीडियाँ कहीं कहीं टूटी हुई हैं… और अंधेरा भी होने को है' लड़के ने लड़की से कहा जो बार पीछे मुड़ कर उसकी ओर देख रही थी.
'कितनी उँची है ये बिल्डिंग वो लड़का तो ओन दी स्पॉट मार गया होगा ना ?'
'हाँ' लड़के ने उत्तर दिया.
'लेकिन क्यों किया उसने?'
'वो भी तुम्हारी तरह मौत और जिंदगी कि कश्मकश से जूझ रहा था लेकिन मौत जीत गई उसका वो दूसरा कदम उठ गय..किसी ने उसे नहीं रोका पीछे से आवाज़ नहीं दी…उसके भीतर का तूफान उसे मौत के अंधेरों में ले गया '
'पर क्यों जान दी उसने?'
'एक लड़की थी वजह'
'लड़की?'
'हाँ वो लड़की दिखने में सुंदर तो नहीं थी पर ना जाने कैसे उस लड़के के भीतर… उसकी आत्मा में प्रवेश कर गई. उसकी सादगी उसका भोला सा चेहरा उसके चेहरे की गंभीरता सब कुछ ऐसा था कि लड़का दीवाना सा हो गया. लड़के का इंजीनीरिंग का आखिरी साल थ..घर में रिटायर्ड पिता और मौ के अलावा दो छोटी बहने भी थी. वो लड़की का अक्सर पीछा करता था उसकी एक झलक पाने के लिए बैचेन रहता था. लड़की के साथ शादी के सपने संजोने लगा था. एक दिन उसने फ़ैसला किया कि वो लड़की से जाकर अपने दिल कि बात कहेगा. '
-कुछ देर खामोशी रही . अब वे दोनों इमारत के नीचे खड़े थे.
'लो हम नीचे आ गये' लड़के ने मुस्कुरा कर लड़की की और देखा.
'आगे बताओ ना. फिर क्या हुआ ?'
'कहानी मजेदार है?'
'तुमने तो कहा था कि कोई लड़का सचमुच वहाँ से ओ माइ गोद कितनी उँची बिल्डिंग है .सच कहो ये कहानी है या सच्चाई?
'एक सच्ची कहानी है'-लड़के ने कहा 'आगे नहीं सुनोगी?'
'सच है ये तो प्लीज़ सुनाओ फिर क्या हुआ?'
'फिर ' 'लड़के ने कहना शुरू किया 'फिर एक दिन उसने फ़ैसला किया कि वो लड़की को सब कुछ कहेगा अपने दिल कि बात कहेगा वो कहेग..कि वो उस से शादी करना चाहता है'
'उसने कहा उस से?'
'नहीं पर जब उस ने लड़की का रास्ता रोका तो वो लड़की जैसे फट पड़ी और गुस्से से बोली, 'में इसी दिन का इंतज़ार कर रही थी कि कब तुम मेरे सामने आओ और मैं कहूँ कि में तुम से प्यार नहीं करती हूँ समझे तुम हमेशा मेरा पीछा करते रहते हो समझते क्या हो तुम अपने आप को में तुम्हें नहीं चाहती हूँ और सुनो ..अगले हफ्ते मुझे देखने लडकेवाले देखने आ रहें हैं वो लड़का तुम्हारी तरह हॅंडसम तो नहीं है..पर ठीक ठाक है अच्छी नौकरी करता है मुझे पसंद है और तुम ..तुम चाहे किसी बिल्डिंग से कूद कर भी मर जाओ तो भी में उफ नहीं करूंगी .हटो मेरे रास्ते से .'
'ऐसा कहा उस लड़की ने?'
'हाँ लड़के कि आँखों के सामने अंधेरा छा गया और .उसके भीतर एक तूफान उठा क्रोध, ग्लानि अपमान और निराशा से भरा वो लड़का इस बिल्डिंग कि छत पर पहुँचा .अपने विवेक से उसका नियंत्रण खत्म हो गया था और फिर उसने पहला कदम उठाया और फिर दूसरा कदम और फिर मौत'
'उस लड़की का क्या हुआ'
'पता नहीं लेकिन लड़के के बारे में बता सकता हूँ कि… मौत के बाद भी उसे मुक्ति नहीं मिली .वो अब भी इस इमारत कि उंचाइयों में भटक रहा है ..'
'क्या मतलब ? -उसकी आत्मा '
'हाँ उसकी आत्मा अब भी भटक् रही है '
'मुझे विश्वास नहीं होत..तुम झूठ बोल रहे हो'- लड़की के चेहरे पर अविश्वास और भय था 'कोई लड़का यहाँ से कूदा उसकी कहानी भी सच हो सकती है..पर उसकी आत्मा यहाँ इस इमारत कि छत पर तुम झूठ बोल रहे हो..'
'यकीन नहीं होता तो. थोड़ा आगे बढ़ो ' लड़के ने कहा.
लड़की आगे की और गई.. लड़का वहीं खड़ा रहा
'थोड़ा और आगे '
लड़की थोड़ा और आगे बढ़ी.
'अब उपर देखो' 'लड़के ने जोर से आवाज़ देकर कहा.
लड़की ने उपर देखा उसके जैसे होश उड़ गये वहाँ सचमुच कोई था .छत पर .उसने सफेद रंग कि कमीज़ पहनी थी .लड़की तुरंत पीछे घूमी उसकी आँखें फटी रह गई वो घुंघराले बालों वाला लड़का वहाँ नही था ..चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था ..उसने फिर उपर देखा वो वहाँ थ..उपर ….उस इमारत की छत पर…. मौत और मुक्ति के बीच कि कश्मकश में भटकता हुआ वो घुंघराले बालों वाला लड़का
******